छत्तीसगढ़ सरकार चाहती है राज्य के छोटे शहरों को विमान सेवा से जोड़ना
राज्य सरकार के नागरिक उड्डयन विभाग ने निजी विमान कंपनियों से इस महीने के अंत तक प्रस्ताव जमा करने को कहा है। सरकार राजधानी रायपुर को औद्योगिक शहर कोरबा और रायगढ़ से जोड़ना चाहती है और इसके अलावा बिलासपुर व जशपुर जैसे शहरों को तथा नक्सलवाद प्रभावित दो शहरों (बस्तर जिले में जगदलपुर तथा सरगुजा जिले में अंबिकापुर) को भी हवाई मार्ग से जोड़ना चाहती है।
एक अधिकारी ने कहा कि नागरिक उड्डयन विभाग दो मार्गो पर अक्टूबर तक उड़ानें शुरू करना चाहता है। ये मार्ग होंगे रायपुर-बिलासपुर-कोरबा-रायगढ़-जशपुर-अंबिकापुर तथा रायपुर-जगदलपुर। अधिकारी ने कहा कि छोटे विमानों के लिए इन शहरों में हवाई पट्टियां मौजूद हैं।
छत्तीसगढ़ सरकार ने वर्ष 2007 में भी विमान सेवा के लिए प्रस्ताव मंगवाए थे, लेकिन उस समय योजना फलीभूत नहीं हो पाई थी, क्योंकि विमान कंपनियों ने सरकार से कम यात्रियों की स्थिति में नुकसान की भरपाई करने की मांग की थी। लेकिन अब राज्य सरकार ने ऐसी स्थिति में नुकसान का मुआवजा देने का प्रस्ताव दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications