बिहार में उपचुनाव के अंतिम चरण में 99 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा
राज्य के उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कुमार अंशुमाली ने सोमवार को बताया कि दूसरे चरण के उपचुनाव में बगहा, नौतन, बेगूसराय, त्रिवेणीगंज, सिमरी-बख्तियारपुर, अररिया, धोरैया, मुंगेर, फुलवारी, घोसी और बोधगया विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव कराया जा रहा है।
इस चरण में फुलवारी ही एक ऐसी सीट है जहां दलबदल के कारण उपचुनाव हो रहा है। शेष क्षेत्रों में विधायकों के सांसद चुने जाने के वजह से सीटें रिक्त हुई हैं।
ज्ञात हो कि पहले चरण के उपचुनाव में बोचहा, औराई्र, कल्याणपुर, वारिसनगर, रामगढ़, चैनपुर तथा चेनारी विधानसभा क्षेत्रों में 10 सितंबर को वोट डाले गए थे।
सभी सीटों पर मतगणना गुरूवार को होगी। उन्होंने बताया कि इस चुनाव में 25,15,474 मतदाता 2621 मतदान केन्द्रों पर अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इन उपचुनावों में छह महिला समेत कुल 99 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं।
अंशुमाली के मुताबिक घोसी, धोरैया, बगहा और बोधगया में मतदान सुबह सात बजे से अपराह्न तीन बजे तक होगा जबकि अन्य क्षेत्रों में मतदान का समय सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक होगा।
सभी चुनाव क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने बताया कि नक्सल प्रभावित विधानसभा क्षेत्रों को पूरी तरह केन्द्रीय अद्र्घसैनिक बलों के हवाले कर दिया गया है जबकि अन्य पांच विधानसभा क्षेत्रों में केन्द्रीय अद्र्घसैनिक बलों के अलावा बिहार सैन्य पुलिस (बीएमपी) और जिला पुलिस बल को तैनात किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications