91 की उम्र एक और आंदोलन को तैयार एक गांधीवादी
नई दिल्ली, 13 सितम्बर (आईएएनएस)। भारत छोड़ो आंदोलन का एक सिपाही और गांधीवादी 91 साल की उम्र में एक दूसरा आंदोलन छेड़ने पर आमादा है और वह है भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग का ऐलान।
गांधीवादी संबू दत्ता भ्रष्टाचार के खिलाफ ठोस कार्रवाई करने पर सरकार को मजबूर करने के लिए आमरण अनशन पर बैठेंगे। उनका कहना है कि जब तक सरकार भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाएगी तब तक उनका अनशन जारी रहेगा।
संबू दत्ता की उम्र 91 वर्ष है। छड़ी के सहारे चलने वाले गांधी के इस अनुयायी की कमर भले ही झुक गई हो लेकिन भ्रष्टाचार जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ जंग शुरू करने का उनका इरादा फौलाद की तरह पक्का है। दत्ता की योजना 30 जनवरी से आमरण अनशन शुरू करने की है। महत्मा गांधी की पुण्य तिथि 30 जनवरी को शहीद दिवस के रूप में मनाया जाता है।
संबू दत्ता ने आईएएनएस को बताया, "देश का राजनीतिक नेतृत्व पूरी तरह से भ्रष्ट हो चुका है। राजनीतिक नेतृत्व में व्याप्त इस गंदगी को दूर करने के लिए आम लोगों को आगे आकर त्याग करना होगा। मैं अपना कर्तव्य निभाने जा रहा हूं।"
उन्होंने कहा, "मेरा मानना है कि अनशन के दौरान मेरी मौत सरकार को भ्रष्टचार के खिलाफ निर्णायक कदम उठाने के लिए प्रेरित करेगी"।
संबू दत्ता ने 1942 में भारत छोड़ो आंदोलन में हिस्सा लिया था और जेल भी गए थे।
दत्ता गैर दलीय संगठन गांधीवादी सत्याग्रह ब्रिगेड की अगुवाई करते हैं। यह ब्रिगेड सामाजिक राजनीतिक बुराइयों के खिलाफ आवाज उठाती है। संगठन में पूरे देश के 18 गांधीवादी शामिल हैं।
आमरण अनशन का इरादा छोड़ने के लिए वह सरकार से भ्रष्टाचार रोकने के लिए समयबद्ध और निर्णायक कदम उठाने का आश्वासन चाहते हैं। दत्ता ने पिछले महीने इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को एक पत्र भी लिखा था।
संबू दत्ता ने कहा, "हम चाहते हैं कि भ्रष्टाचार से लड़ने के लिए लोक पाल की नियुक्ति की जाए। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में इसका वादा किया था।"
गैर सरकारी संगठन 'ट्रांसपैरेंसी इंटरनेशनल' के मुताबिक भ्रष्टाचार के मामले में 180 देशों में भारत का स्थान 85वां है। विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के लिए यह शर्मनाक स्थिति है।
दत्ता ने कहा, "भ्रष्टाचार को जड़ से मिटाने के लिए राजनीतिक इच्छाशक्ति की जरूरत है। यह लड़ाई हमें हर हाल में जीतनी है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications