यमुना खतरे के निशान से ऊपर, 1,200 लोगों को बचाया गया (लीड-1)
बाढ़ नियंत्रण कक्ष के प्रभारी अधिकारी राकेश खन्ना ने आईएएनएस को बताया, "यमुना 205.28 मीटर की ऊंचाई पर बह रही है। यह जल स्तर खतरे के निशान 204.83 मीटर से ऊपर है।"
खन्ना ने कहा, "उस्मानपुर, सोनिया विहार, ओखला के कुछ हिस्से और गढ़ी जैसे निचले इलाके पानी में डूब गए हैं। हमने अभी तक लगभग 1,200 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। साग-सब्जी व फूल की खेती के लिए इस्तेमाल में लाए जाने वाली भूमि के बड़े हिस्से जलमग्न हो गए हैं।"
खन्ना ने कहा कि कुछ लोग अपने घरों से हटने को लेकर उदासीन बने हुए हैं लेकिन हम उन्हें सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कह रहे हैं।
खन्ना ने आगे कहा, "बचाव कार्य के लिए कम से कम 17 नावें लगाई गई हैं और हमने वैकल्पिक तंबुओं और राहत शिविरों की व्यवस्था कर रखी है। हम उन्हें भोजन भी उपलब्ध करा रहे हैं और चिकित्सकों की टीम भी उनकी देखभाल में लगी हुई है।"
अधिकारी ने कहा कि नदी का जलस्तर 205.45 मीटर को भी पार कर सकता है। शनिवार को यमुना का जलस्तर 204.55 मीटर दर्ज किया गया था, जिसके बाद बाढ़ की चेतावनी जारी की गई थी।
अधिकारी ने बताया कि बाढ़ की आशंका के मद्देनजर सभी विभागों को चेतावनी जारी कर दी गई है ताकि यमुना के समीपवर्ती निचले इलाके खाली कराए जा सकें।
बाढ़ की चेतावनी शुक्रवार को भी जारी की गई थी। हरियाणा ने भी शुक्रवार को 400,000 क्यूसेक पानी छोड़ा था, जिससे यमुना के जलस्तर में वृद्धि हो गई और बाढ़ का खतरा बढ़ गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications