जहरीली शराब से मरने वालों की संख्या 29 पहुंची
सभी लोगों की मौत जिले के देवबंद इलाके के आस-पास के गांवों में हुईं। जहरीली शराब से पहली मौत मंगलवार को हुई थी। पुलिस के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 11 लोगों की मौत हो चुकी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित चंद्रा ने रविवार को आईएएनएस को बताया कि कथित रूप से अवैध शराब बेचने के आरोप में 29 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दोषियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून(रासुका) के तहत कार्रवाई की जाएगी।
चंद्रा ने बताया कि इलाके के शराब की सभी दुकानों को सील कर वहां से शराब के नमूने जांच के लिए भिजवा दिए गए हैं।
इससे पहले इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में दो दरोगा और आबकारी विभाग के एक इंस्पेक्टर सहित आठ पुलिसकर्मी निलंबित किए जा चुके हैं।
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने कहा कि लोगों को इस बारे में चेतावनी दी जा चुकी है कि वे इस तरह की शराब न पिएं। कुमार के मुताबिक जहरीली शराब पड़ोसी राज्य हरियाणा से लाई गई लगती है।
लोगों की मौत के हालात का पता लगाने के लिए मजिस्ट्रेट स्तर की एक जांच गठित की गई है, जो उपजिलाधिकारी रामपुर के नेतृत्व में की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications