जहरीली शराब के धंधे में लिप्त लोगों के खिलाफ होगी कार्रवाई : मायावती
उन्होंने इस धंधे से जुड़े लोगों की धरपकड़ के लिए क्षेत्र के साथ-साथ पूरे राज्य में सघन कार्रवाई और दबिश का अभियान चलाने के निर्देश दिया और कहा कि दोषियों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
रविवार को लखनऊ में एक सरकारी प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि अवैध रूप से शराब बनाने में लिप्त जनजीवन से खिलवाड़ करने वाले अपराधी तत्वों से निपटने के लिए ठोस रणनीति तैयार की जाए ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो पाए।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिया है कि जहरीली शराब से मरने वाले व्यक्तियों के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
प्रवक्ता के अनुसार अब तक पुलिस ने दबिश देकर घटना के संदिग्ध मुख्य अभियुक्त सूरजभान सहित 32 लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही अन्य फरार मुख्य तीन अभियुक्तों की तलाश की जा रही है।
उन्होंने कहा कि विज्ञापन, मुनादी और पंपलेट के जरिये लोगों को कच्ची शराब पीने के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित चंद्रा के मुताबिक सभी मौतें देवबंद इलाके के जड़ोदाजट्टा, खजूरी, लवकरीव ननहेड़ा गांवों में हुईं। पुलिस के मुताबिक जहरीली शराब पीने से मरने वालों की शुरुआत गत मंगलवार से शुरू हुई, जो अब बढ़कर 29 पहुंच गई है।
इससे पहले लापरवाही बरतने के आरोप में जिला आबकारी अधिकारी, क्षेत्रीय आबकारी निरीक्षक, प्रधान आबकारी सिपाही व पुलिस विभाग के दो दरोगा सहित छह पुलिसकर्मियों को निलंबित किया जा चुका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications