स्वीडन के साथ बढ़ रहा है भारत का व्यापार
नई दिल्ली, 13 सितम्बर (आईएएनएस)। भारतीय उद्योग परिसंघ की रिपोर्ट के अनुसार स्वीडन के साथ भारत का व्यापार बढ़ रहा है। अगले पांच साल में द्विपक्षीय व्यापार दोगुना होकर 5 अरब डॉलर हो जाने की उम्मीद है।
दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 2002-03 और 2007-08 के बीच चार गुना बढ़ कर 2.7 अरब डॉलर हो गया है। भारत लोहा, स्टील, ऑटो पार्ट्स और मशीनरी सहित तमाम तैयार उत्पाद स्वीडन को निर्यात करता है। स्वीडन से भारत खास तौर से बिजली के उपकरण और मशीनरी का आयात करता है।
सीआईआई की रिपोर्ट के अनुसार अप्रैल 2000 और मई, 2009 के बीच में स्वीडन से भारत में निवेश 50 करोड़ डॉलर को पार कर गया। स्वीडन में भी भारतीय कंपनियां सूचना तकनीक और फार्मा सेक्टर में तेजी से निवेश कर रही हैं।
इस सप्ताह केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री आनंद शर्मा स्वीडन की यात्रा पर जा रहे हैं। उनकी यात्रा के दौरान सीआईआई की यह रिपोर्ट स्वीडन में आधिकारिक रूप से जारी की जाएगी।
सीआईआई का एक प्रतिनिधिमंडल भी आनंद शर्मा के साथ स्वीडन की यात्रा पर जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications