जेट एयरवेज की उड़ानें सामान्य होने की ओर (लीड-2)
जेट के कार्यकारी निदेशक सरोज दत्त ने शनिवार रात मीडिया को समझौते के प्रमुख बिंदुओं की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि एक सौहार्दपूर्ण समझौता हो गया है और पायलट तत्काल काम पर लौटेंगे।
कंपनी मुंबई उच्च न्यायालय में लंबित एक अवमानना याचिका को भी आगे नहीं बढ़ाएगी जिसकी सुनवाई सोमवार को होनी है।
पांच दिनों से जारी गतिरोध के समाप्त होने के बाद रविवार को जेट एयरवेज का सामान्य कामकाज आरंभ हुआ। उसकी योजना रविवार को दो अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों सहित 37 उड़ानें संचालित करने की हैं।
एक अधिकारी ने बताया कि यहां के छत्रपति शिवाजी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार की सुबह से यात्री उड़ान पकड़ने के लिए आने लगे।
अंतर्राष्ट्रीय मार्गो पर मुंबई-दुबई और दुबई-मुंबई के लिए उड़ानें आरंभ हुईं। घरेलू मार्गो पर मुंबई-दिल्ली, वड़ोदरा-मुबंई, दिल्ली-मुंबई, मुंबई-बेंगलुरू, मुंबई-मैंगलोर, मुंबई-हैदराबाद, मुंबई-चेन्नई, अहमदाबाद-दिल्ली, दिल्ली-लखनई, दिल्ली-वड़ोदरा, मदुरई-चेन्नई, चेन्नई-कोयंबटूर और चेन्नई-बेंगलुरू की उड़ानें हुईं।
एक अधिकारी ने बताया कि रविवार शाम तक पायलटों का कार्य समय तय हो जाने के बाद उड़ान सेवा सामान्य हो जाएगी।
रविवार तड़के जेट एयरवेज के चेयरमैन नरेश गोयल ने कहा कि एक संतोषजनक समझौता हो गया है। पालयटों ने शनिवार मध्य रात्रि से कुछ समय पहले अपनी हड़ताल वापस ले ली।
उन्होंने एक बयान में कहा, "पायलटों के काम लौटने के साथ ही एयरलाइन अपनी सेवाओं को पूरी तरह सुचारू कर लेगी।"
पायलटों के संघ नेशनल एविएटर्स गिल्ड (एनएजी) के गिरीश कौशिक ने कहा कि विवाद खत्म हो गया है और पायलट अपने काम पर लौट जाएंगे।
उन्होंने कहा, "एक संतोषजनक समझौता हो गया है। यह एक परिवार में गलतफहमी की तरह था।"
मुंबई से कांग्रेस सांसद संजय निरुपम ने कहा कि एयरलाइन प्रबंधन द्वारा बर्खास्त किए गए चार पायलटों को बहाल करने सहित कई मुद्दों पर सहमति बनी है।
पिछले पांच दिनों से जारी हड़ताल को खत्म कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले निरुपम ने कहा कि मजदूर संघ के मुद्दे के बारे में कोई भी फैसला रजिस्ट्रार ऑफ ट्रेड यूनियन करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications