किशोर को चलती रेलगाड़ी से फेंकने वाले सिपाही को जेल
पुलिस के मुताबिक कांस्टेबल रामेश्वर प्रसाद ने मुजफ्फरपुर-हाजीपुर सेक्शन के कुधानी रेलवे स्टेशन के समीप गुरुवार को कथित तौर पर 10 रुपये घूस में देने से इंकार करने पर मुहम्मद शहाबुद्दीन को चलती रेलगाड़ी से नीचे फेंक दिया था।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रसाद को जेल भेज दिया गया है।
पहचान परेड में शहाबुद्दीन द्वारा पहचाने जाने पर प्रसाद को शनिवार को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस अधीक्षक (रेलवे) अमित लोधा ने कहा कि शहाबुद्दीन ने मुजफ्फरपुर के श्रीकृष्ण चिकित्सा महाविद्यालय और अस्पताल में प्रसाद की पहचान की।
रेलगाड़ियों में खाने पीने का सामान बेचकर अपनी जीविका चलाने वाला शहाबुद्दीन इस घटना में अपनी एक टांग गंवा चुका है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरपीएफ सिपाहियों का एक समूह ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस रेलगाड़ी में कथित तौर पर खाने-पीने का सामान बेचने वालों से गुरुवार को जबरन वसूली कर रहा था। जब शहाबुद्दीन ने 10 रुपये के स्थान पर पांच रुपये देने की बात कही तो सिपाही ने उसकी पिटाई की और उसे चलती रेलगाड़ी से नीचे फेंक दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications