मूसलाधार बारिश की वजह से हिमाचल में स्कूल बंद
शिमला, 11 सितम्बर (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश में मूसलाधार बारिश की वजह से प्रशासन ने सभी सरकारी स्कूलों को दो दिनों तक बंद रखने का आदेश दिया है।
शिक्षा निदेशक ओ. पी. शर्मा ने शुक्रवार को आईएएनएस को बताया, "पिछले तीन दिन से राज्य में मूसलाधार बारिश, भू स्खलन और रास्ते जाम होने जैसी स्थितियां उत्पन्न हो रही हैं। हमने एहतियात के तौर पर राज्य के सभी प्राथमिक और उच्चतर माध्यमिक स्कूलों को बंद रखने का फैसला लिया है।"
उन्होंने कहा कि यदि बारिश सोमवार तक जारी रही, तो स्कूल कुछ और दिनों के लिए बंद रहेंगे।
हिमाचल प्रदेश में मंगलवार रात से मूसलाधार बारिश और मध्यम हिमपात हो रहा है। शिमला में पिछले 48 घंटों में 150 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।
मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि राज्य में यह इस मौसम की सबसे भारी बरसात है।
उन्होंने कहा, "शिमला में अब तक 150 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की जा चुकी है जबकि सिरमौर जिले के पच्छाड में 300 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications