उद्योग क्षेत्र में वृद्धि बनी रहेगी : वित्त मंत्री
केंद्रीय सांख्यिकी संगठन (सीएसओ) द्वारा शुक्रवार को यहां जारी आंकड़ों के अनुसार विनिर्माण उत्पादन में जुलाई महीने के दौरान 6.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
मुखर्जी ने इंडियन वूमेन्स प्रेस कार्प्स के साथ एक बातचीत में कहा, "विकास दर ऊपर उठेगी। रुझान बताता है कि यह ऊपर उठ रही है।"
मुखर्जी ने कहा, "स्टील ऊपर जा रहा है, सीमेंट, उपभोक्ता सामान उद्योग ऊपर उठ रहे हैं। हाउसिंग की गतिविधियां जारी हैं, जिससे स्टील और सीमेंट तथा निर्माण सामग्रियों की अधिक खपत होगी।"
लेकिन मुखर्जी ने चेताया कि वृद्धि दर को आगे बनाए रखने के लिए यह पर्याप्त नहीं होगा। उन्होंने कहा, "इसमें एक संभावना जरूर है, लेकिन विनिर्माण निर्यात में आई गिरावट की भरपाई कर पाने के लिए यह पर्याप्त नहीं है।"
मुखर्जी ने कहा कि जब तक औद्योगीकृत विश्व में निर्यात की मांग में बढ़ोतरी नहीं होती, तब तक यह कठिन होगा। उन्होंने कहा कि भारत का 60 प्रतिशत निर्यात यूरोप, अमेरिका और जापान को होता है।
मुखर्जी ने पहली तिमाही के दौरान सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में 6.1 प्रतिशत की वृद्धि को एक अच्छा संकेत बताया, लेकिन उन्होंने चेताया कि सूखे के कारण दूसरी तिमाही में वृद्धि दर सतोषजनक नहीं होगी।
मुखर्जी ने कहा कि उन्हें तीसरी और चौथी तिमाही में वृद्धि में फिर सुधार की उम्मीद है। उन्होंने कहा, "हमें इस वर्ष की विकास दर छह प्रतिशत से अधिक रहने की उम्मीद है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications