सहारनपुर में जहरीली शराब से 18 लोगों की मौत
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित चंद्रा ने शुक्रवार को आईएएनएस को बताया कि सभी मौतें जिले के देवबंद इलाके में हुईं। चंद्रा ने कहा कि अवैध शराब के धंधे में लिप्त सूरजभान व उसके तीन सहयोगियों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया है। इस धंधे में शामिल अन्य लोगों के विरूद्ध आबकारी विभाग और पुलिस की टीमें संयुक्त अभियान चला रही हैं। चंद्रा ने बताया कि इलाके में शराब की सभी दुकानों को सील कर वहां से शराब के नमूने जांच के लिए भिजवा दिए गए हैं।
उधर सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक पी.के.श्रीवास्तव ने गुरुवार को वहां संवाददाताओं से बताया कि उपजिलाधिकारी रामपुर को घटना की जांच सौंपी गई है। जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इससे पहले मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में प्रभारी निरीक्षक विष्णुचंद्र गौतम, घलौली चौकी प्रभारी नरेंद्र पाल सिंह व बीट कांस्टेबल वेदपाल निलंबित किया जा चुका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications