स्वाइन फ्लू से 1 और की मौत, मृतकों की संख्या 155 हुई (लीड-1)
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के बयान के अनुसार हरियाणा के फरीदाबाद में स्वाइन फ्लू से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
बयान के अनुसार इस बीमारी से सर्वाधिक प्रभावित महाराष्ट्र में 72 जबकि कर्नाटक में 49 लोग अब तक दम तोड़ चुके हैं। गुजरात में 12 लोग बीमारी के शिकार हुए हैं।
अन्य राज्यों में दिल्ली में 4, आंध्र प्रदेश में 5, तमिलनाडु में 3, केरल में 4, गोवा में 3, उत्तराखंड में 1, हरियाणा में 1 और छत्तीसगढ़ में 1 व्यक्ति की इस बीमारी से मौत हो चुकी है।
शुक्रवार को स्वाइन फ्लू के 187 नए मामले सामने आए हैं जिसमें सबसे ज्यादा तमिलनाडु में 61 मरीजों की पुष्टि हुई है। इसके बाद दिल्ली में 66, महाराष्ट्र में 32, कर्नाटक में 22, आंध्र प्रदेश में 5, केरल में 3, पंजाब में 1, हरियाणा में 10, उत्तराखंड में 1, गुजरात में 4, उत्तर प्रदेश में 1 और छत्तीसगढ़ में 1 शामिल हैं।
उधर कर्नाटक में राज्य के स्वास्थ्य अधिकारियों ने स्वाइन फ्लू से छह और मौतों की पुष्टि की है और राज्य में इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 53 बताई है।
बेंगलुरू में चार लोगों की मौत हो गई जबकि दावणगेरे और बीजापुर में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई। एक स्वास्थ्य अधिकारी के अनुसार इन सभी व्यक्तियों की मौत स्वाइन फ्लू से होने की पुष्टि 10 सितंबर को हुई।
बेंगलुरू में दो मरीजों की मौत 'राजीव गांधी चेस्ट डिसीजिस' (आरजीआईसीडी) में हुई। आरजीआईसीडी के निदेशक शशिधर बग्गी ने बताया, "20 वर्षीया एक गर्भवती महिला की स्वाइन फ्लू से मौत हो गई। उसे बेहद नाजुक हालत में अस्पताल लाया गया था।"
उन्होंने बताया कि आरजीआईसीडी में 40 वर्षीया एक अन्य महिला ने भी इसी बीमारी से दम तोड़ दिया।
बेंगलुरू में 13 साल के एक किशोर की आठ सितंबर को एक निजी अस्पताल में मौत हुई जबकि 59 वर्षीय एक व्यक्ति ने पांच सितंबर को दम तोड़ दिया। उसे तीन सितंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
बीजापुर के निजी अस्पताल में 53 वर्षीय व्यक्ति की शनिवार को मौत हो गई वहीं दावणगेरे में 11 महीने के एक शिशु की एक निजी अस्पताल में मंगलवार को मौत हो गई।
इस बीच राज्य में स्वाइन फ्लू के 32 नए मामले सामने आए हैं। जिनमें 25 मामले बेंगलुरु से, तीन बीजापुर से और एक-एक मामला बीदर, दावणगेरे और बेल्लारी से सामने आया है। अब तक राज्य में स्वाइन फ्लू के 686 मामलों की पुष्टि हो चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications