पाकिस्तान ने मुंबई हमले की जांच पर भारत को बहस की चुनौती दी (लीड-1)
संवाददाताओं से बातचीत करते हुए मलिक ने भारत से कहा है कि वह आरोप लगाने का सिलसिला बंद करे और पाकिस्तान के साथ बातचीत शुरू करे।
मलिक का बयान ऐसे समय में आया है, जब भारत ने एक दिन पहले ही गुरुवार को मुंबई हमले के संदर्भ में गिरफ्तार आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई करने को लेकर पाकिस्तान की उदासीनता और उसके द्वारा हमले के मुख्य षड़यंत्रकारी को रिहा किए जाने पर अमेरिका के समक्ष अपनी नाराजगी जताई है।
मलिक ने कहा है कि पाकिस्तान ने पांच आतंकियों के खिलाफ पारदर्शिता के साथ मुकदमा शुरू किया है। मामले की सुनवाई ईद के बाद शुरू होगी और संभवत: दो से ढाई महीने के भीतर समाप्त हो जाएगी।
मलिक ने भारत से आग्रह किया कि वह पाकिस्तान की नेकनीयती पर शक न करे। उन्होंने कहा है कि चूंकि पाकिस्तान भारतीय अदालतों का सम्मान करता है, लिहाजा भारत को भी पाकिस्तानी अदालतों का सम्मान करना चाहिए।
लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के संस्थापक हाफिज सईद की रिहाई के बारे में मलिक ने कहा कि उसे पाकिस्तानी अदालतों ने सबूतों के अभाव में रिहा किया है।
एक प्रश्न के जवाब में मलिक ने कहा कि यह आरोप-प्रत्यारोप में उलझने का समय नहीं है, क्योंकि दोनों देशों की जनता सौहार्द्रपूर्ण रिश्ते चाहती है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान भी चाहता है कि समझौता एक्सप्रेस में किए गए बम विस्फोट के आरोपियों पर मुकदमा चलाया जाए। उस विस्फोट में कई पाकिस्तानी नागरिक मारे गए थे।
उधर, गृह मंत्री पी.चिदंबरम ने अपनी अमेरिका यात्रा के दूसरे दिन अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन, अन्य सरकारी अधिकारियों और प्रमुख सांसदों से वाशिंगटन में मुलाकात की। मुलाकात के बाद चिदंबरम ने कहा, "भारत सुरक्षा संबंधी जिन मसलों का सामना कर रहा है, उन सभी पर अमेरिकी सरकार के नेताओं और अधिकारियों द्वारा दिखाई गई रुचि को लेकर मैं खुश हूं।"
अमेरिकी सरकार के नेताओं और अधिकारियों से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए चिदंबरम ने कहा कि उन्होंने अमेरिकी नेताओं को मुंबई हमले के मुकदमे में हुई प्रगति के बारे में और हमले के संदर्भ में पाकिस्तान द्वारा गिरफ्तार किए गए पांच-छह आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई के प्रति इस्लामाबाद की उदासीनता तथा हमले के षड़यंत्रकारी हाफिज सईद की रिहाई के बारे में जानकारी दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications