पाकिस्तान ने भारत को मुंबई हमले की जांच पर बहस की चुनौती दी
संवाददाताओं से बातचीत करते हुए मलिक ने भारत से कहा है कि वह आरोप लगाने का सिलसिला बंद करे और पाकिस्तान के साथ बातचीत शुरू करे।
मलिक का बयान ऐसे समय में आया है, जब भारत ने एक दिन पहले ही गुरुवार को मुंबई हमले के संदर्भ में गिरफ्तार आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई करने को लेकर पाकिस्तान की उदासीनता और उसके द्वारा हमले के मुख्य षड़यंत्रकारी को रिहा किए जाने पर अमेरिका से अपनी नाराजगी जताई है।
गृह मंत्री पी.चिदंबरम ने अपनी अमेरिका यात्रा के दूसरे दिन अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन, अन्य सरकारी अधिकारियों और प्रमुख सांसदों से वाशिंगटन में मुलाकात की। मुलाकात के बाद चिदंबरम ने कहा, "भारत सुरक्षा संबंधी जिन मसलों का सामना कर रहा है, उन सभी पर अमेरिकी सरकार के नेताओं और अधिकारियों द्वारा दिखाई गई रुचि को लेकर मैं खुश हूं।"
अमेरिकी सरकार के नेताओं और अधिकारियों से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए चिदंबरम ने कहा कि उन्होंने अमेरिकी नेताओं को मुंबई हमले के मुकदमे में हुई प्रगति के बारे में और हमले के संदर्भ में पाकिस्तान द्वारा गिरफ्तार किए गए पांच-छह आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई के प्रति इस्लामाबाद की उदासीनता तथा हमले के षड़यंत्रकारी हाफिज सईद की रिहाई के बारे में जानकारी दी है।
दूसरी ओर मलिक ने कहा है कि पाकिस्तान ने पांच आतंकियों के खिलाफ पारदर्शिता के साथ मुकदमा शुरू किया है। मामले की सुनवाई ईद के बाद शुरू होगी और संभवत: दो से ढाई महीने के भीतर समाप्त हो जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications