जेट एयरवेज की 170 उड़ानें रद्द, गतिरोध खत्म होने की उम्मीद (लीड-2)
मुख्य श्रम आयुक्त एस. के. मुखोपाध्याय की पहल पर जेट एयरवेज प्रबंधन और पायलटों के प्रतिनिधियों ने शुक्रवार को वार्ता शुरू की।
नेशनल एविएटर्स गिल्ड के अध्यक्ष गिरीश कौशिक ने कहा, "प्रबंधन के साथ हमारी वार्ता सकारात्मक रही है। हम आशा करते हैं कि यह मसला जल्द हल हो जाएगा।"
इस बैठक में मुखोपाध्याय और कौशिक के अलावा जेट एयरवेज के कार्यकारी निदेशक सरोज दत्ता और जेट के मुख्य संचालन अधिकारी हामिद अली शामिल हुए।
बताया जा रहा है कि यह गतिरोध अगले 48 घंटों में हल हो जाएगा।
पिछले चार दिनों में पायलटों के काम पर नहीं आने की वजह से 850 उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं। इससे 28,000 से ज्यादा यात्रियों को परेशानियों को सामना करना पड़ा है।
इससे पहले जेट एयरवेज के प्रवक्ता ने शुक्रवार तड़के कहा था कि कुछ क्षेत्रों की 30 उड़ाने रद्द होंगी, जिनमें मुंबई-अहमदाबाद, मुंबई वड़ोदरा, मुंबई-मैंगलौर, मुंबई-बेंगलुरू, मुंबई-कोच्चि, मुंबई-चेन्नई और मुंबई-भोपाल शामिल हैं।
हड़ताल का सबसे बुरा असर मुंबई-दिल्ली, कोलकाता-दिल्ली और मुंबई-कोलकाता क्षेत्र पर पड़ा है। यहां यात्रियों को सबसे अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ा है।
पायलटों के हड़ताल पर जाने से जेट को गुरुवार को लगभग 240 उड़ानों को रद्द करना पड़ा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications