परमाणु विवाद पर ईरान का प्रस्ताव नाकाफी : अमेरिका
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक विदेश विभाग के प्रवक्ता पी.जे.क्राउले ने कहा है, "ईरान की ओर से बुधवार को आया प्रस्ताव हमारी सबसे बड़ी चिंता की बात नहीं करता। हमारी यह चिंता निश्चितरूप से ईरान का परमाणु कार्यक्रम ही है।"
क्राउले ने कहा है कि प्रस्ताव का वास्तविक विवरण जारी नहीं किया गया है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के पांचों सदस्य (अमेरिका, रूस, फ्रांस, ब्रिटेन व चीन) जर्मनी के साथ मिल कर इस प्रस्ताव का एक औपचारिक जवाब देने पर विचार कर रहे हैं। इन छह देशों के अधिकारियों ने बुधवार को एक बैठक की थी और वे शुक्रवार को दोबारा बैठक करेंगे।
ज्ञात हो कि ईरान लंबे समय से यह कहता आ रहा है कि उसका परमाणु कार्यक्रम मात्र शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद द्वारा पारित तीन प्रस्तावों के बावजूद ईरान ने यूरेनियम संवर्धन की गतिविधियों को रोकने से इंकार कर दिया है।
ईरान ने छह प्रमुख देशों को अपने प्रस्तावों का दस्तावेज भेजा है, क्योंकि संयुक्त राष्ट्र समर्थित निगरानी संस्था, अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) की ओर से कहा गया है कि इस बात की पूरी संभावना है कि ईरान अतीत में परमाणु हथियार विकसित करने की कोशिश कर चुका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications