'दोषियों को सजा दिलाने के प्रति गंभीर नहीं है पाकिस्तान' (लीड-1)
गृह मंत्री पी.चिदंबरम ने अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन से गुरुवार को मुलाकात के दौरान यह मसला उठाया। उन्होंने अमेरिका से पाकिस्तान पर लश्कर-ए तैयबा के सरगना हाफिज सईद सहित मुंबई हमलों की साजिश रचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए दबाव बनाने का अनुरोध किया।
गुरुवार को हिलेरी के साथ बैठक के बाद चिदंबरम ने संवाददाताओं को बताया, "मैंने उन्हें मुंबई हमलों के दौरान गिरफ्तार किए गए मोहम्मद अजमल आमिर कसाब के खिलाफ चल रहे मुकदमे के संबंध में जानकारी दी।
चिदंबरम ने कहा, "मैंने उन्हें यह भी बताया कि छह लोगों की गिरफ्तारी के बाद भी पाकिस्तान में यह मामला आगे नहीं बढ़ा है और सईद अभी तक आजाद है।"
चिदंबरम ने कहा कि उनका मानना है कि मुंबई आतंकवादी हमलों के बाद भारत के रवैये और पाकिस्तान के रुख दोनों को ही अमेरिका समझ रहा है। गृह मंत्री ने कहा कि उन्होंने हिलेरी को बताया कि भारत का मानना है कि मुंबई के आतंकवादी हमलों की साजिश सईद ने रची थी। भारत की ओर से छह बार सबूत मुहैया कराए जाने के बावजूद पाकिस्तान में सईद आजाद घूम रहा है।
चिदंबरम ने भारत में पाकिस्तान की ओर से घुसपैठ की बढ़ती घटनाओं पर भी चिंता जाहिर की।
उल्लेखनीय है कि मुंबई में नवंबर 2008 में हुए आतंकवादी हमले में 26 विदेशी सहित 170 से अधिक लोगों की मौत हुई थी।
चिदंबरम ने बुधवार को अमेरिका के संघीय जांच ब्यूरो के वरिष्ठ अधिकारियों से भी मुलाकात की। इसके अलावा उन्होंने न्यूयार्क पुलिस विभाग के अधिकारियों से भी भेंट की।
चिदंबरम ने कहा कि न्यूयार्क पुलिस विभाग से उन्होंने सुरक्षा संबंधी मसलों पर काफी कुछ सीखा है और इसका प्रयोग भारत के महानगरों में आतंकवादी घटनाओं से निपटने के लिए किया जाएगा।
चिदंबरम ने अमेरिकी अधिकारियों से आतंकवादी घटनाओं से निपटने के लिए और खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान पर भी बातचीत की। उन्होंने कहा, "मैंने अमेरिका से सुरक्षा मुद्दों पर सहयोग बढ़ाने के लिए अनुरोध किया।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications