भगदड़ में घायल 2 बच्चियों की हालत नाजुक
नई दिल्ली, 11 सितम्बर (आईएएनएस)। पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास इलाके के एक स्कूल में गुरुवार को मची भगदड़ में घायल बच्चियों में से दो की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
गुरुतेग बहादुर अस्पताल के कैजुअल्टी विभाग के प्रमुख जे. पी. कपूर ने शुक्रवार को आईएएनएस को बताया, "दो बच्चियों की हालत अभी तक नाजुक बनी हुई है जबकि अन्य की हालत में सुधार हो रहा है।" शुक्रवार को स्कूल बंद रहा।
इस भगदड़ में गुरुवार को पांच बच्चियों की मौत हो गई थी और 34 अन्य घायल हो गई थीं। हताहत होने वाली बच्चियों में से ज्यादातर सातवीं से 10 वीं कक्षा की थीं। घायलों को गुरुतेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
पीड़ितों के गुस्साए परिजनों ने गुरुवार को स्कूल का घेराव किया। पथराव की घटनाओं के बाद पुलिस को परिसर की घेराबंदी करनी पड़ी।
पुलिस ने शुरुआत में कहा था कि विद्यालय परिसर में भरे पानी में करंट फैलने की अफवाह के बाद भगदड़ मची। लेकिन कुछ पीड़ितों का कहना है कि स्कूल में परीक्षा देने आए छात्रों की छेड़खानी भगदड़ की वजह बनी।
मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने हालांकि इन दावों को गलत ठहराया है। उन्होंने कहा, "ये सब अफवाह है। हादसा उस समय हुआ जब कुछ लड़कियां सीढ़ियों से ऊपर जा रही थीं और कुछ नीचे उतर रही थीं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications