पेयजल की किल्लत से जूझ रहा है शिमला
शिमला, 11 सितम्बर (आईएएनएस)। 'पर्वतों की रानी' कहलाने वाला शिमला इन दिनों मूसलाधार बारिश के बावजूद पेयजल की कमी की समस्या से जूझ रहा है।
शिमला के नगर निगमायुक्त ए. एन. शर्मा ने आईएएनएस को बताया, "पानी पहुंचाने वाले जलमार्गो में अत्यधिक गाद जमा हो जाने की वजह से गुरुवार सुबह से शिमला में पीने के पानी की बेहद कमी हो गई है। पूरे शहर यहां तक कि समृद्ध कॉलोनियों में भी पानी नहीं है।"
उन्होंने कहा कि पिछले 48 घंटों से लगातार हो रही बारिश की वजह से पानी पहुंचाने वाले सभी जलमार्गो में गाद भर गई है।
उन्होंने कहा, "गाद इकट्ठी होने की वजह से पानी को पंप कर पाना संभव नहीं हो पा रहा है। पानी की आपूर्ति करने वाले कुछ प्रमुख पाइप भी भारी बारिश से क्षतिग्रस्त हो गए हैं।"
शर्मा के मुताबिक बारिश नहीं रुकने तक पानी की कमी जारी रहेगी।
इस सप्ताहांत में पर्यटकों की ज्यादा संख्या की आमद की आस लगाए बैठे शिमला के होटल मालिक पानी की कमी से नाखुश हैं। शहर में 450 से अधिक होटल, रेस्तरां और गेस्ट हाउस हैं।
मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह के मुताबिक पिछले 48 घंटों के दौरान शहर में 150 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।
शिमला हिमाचल प्रदेश का प्रसिद्ध पयर्टक स्थल है। जहां हर सप्ताहांत में औसतन 40,000 से 50,000 तक पर्यटक पहुंचते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications