भारत-पाकिस्तान सीमा पर महिला सुरक्षाकर्मियों की तैनाती
यह पहली बार है जब बीएसएफ में शामिल की गई महिलाकर्मियों को सरहद पर तैनात किया गया है। बीएसएफ के पंजाब सीमा के उप महानिरीक्षक जागीर सिंह ने आईएएनएस को बताया, "आज एक औपचारिक समारोह 'सैनिक सम्मेलन' के बाद सभी महिला सुरक्षाकर्मियों ने दायित्व संभाल लिया। ये सभी ऊर्जावान और उस्ताह से भरी हुई हैं।"
सिंह ने कहा कि महिला सुरक्षाकर्मियों ने शुक्रवार से ही काम भी करना शुरू कर दिया। बीएसएफ ने 178 महिला सुरक्षाकर्मियों को अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर तैनात करने के लिए चुना है। फिलहाल ये सभी महिला सुरक्षाकर्मी पंजाब में भारत-पाक सीमा (553 किलोमीटर) पर तैनात रहेंगी लेकिन बाद में इनमें से 60 को भारत-बांग्लादेश सीमा पर तैनात किया जाएगा।
अधिकांश महिला सुरक्षाकर्मियों की उम्र 19 से 25 वर्ष के बीच है। सिंह ने कहा कि महिला सुरक्षाकर्मी सीमा द्वारों की देखभाल करेंगी और खेती के लिए जाने वाली महिलाओं की तलाशी लेंगी। उन्होंने कहा कि इन कार्यो के अलावा महिला सुरक्षाकर्मी सभी सीमा चौकियों (बीओपी) की भी निगरानी करेंगी।
नई महिला सुरक्षाकर्मियों में 15 स्नातकोत्तर और 22 स्नातक हैं, जबकि 128 ने 12वीं तक की पढ़ाई की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications