सात राज्यों में उपचुनाव में 55 फीसदी मतदान (राउंडअप)
नई दिल्ली, 10 सितंबर (आईएएनएस)। सात राज्यों की 20 विधानसभा सीटों के लिए गुरुवार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न उपचुनावों में करीब 55 प्रतिशत मतदान हुआ।
बिहार और गुजरात की सात-सात, मध्य प्रदेश की दो और उत्तराखंड, नई दिल्ली, आंध्र प्रदेश तथा सिक्किम की एक-एक विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए मतदान हुआ।
बिहार विधानसभा उपचुनाव के दो चरणों में होने वाले चुनाव के प्रथम चरण के तहत सात सीटों पर मतदान संपन्न हुआ। राज्य निर्वाचन विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक बोचहा, औराई, कल्याणपुर, वारिसनगर, रामगढ़, चैनपुर तथा चेनारी विधानसभा क्षेत्रों में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया।
उन्होंने बताया कि बोचहा विधानसभा क्षेत्र में 31 फीसदी, औराई में 31 फीसदी, रामगढ़ में 49 फीसदी, चेनारी में 40 फीसदी तथा चैनपुर में 51 फीसदी मतदाताओं ने अपने-अपने मताधिकार का उपयोग किया। इसके अलावा कल्याणपुर और वारिसनगर विधानसभा क्षेत्रों में भी 35 फीसदी से ज्यादा मतदाताओं ने मत डाले।
राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने बताया कि मतदान के दौरान कहीं से किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
गुजरात की सात विधानसभा सीटों पर आज हुए उपचुनाव में लगभग 62 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। इसके साथ ही कुल 88 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों में बंद हो गया। भारी सुरक्षा के बीच वहां शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न हुआ।
मध्य प्रदेश के गोहद और तेंदुखेड़ा विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव में राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं के बीच आंशिक झड़प हुई। गोहद पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सांसद रामलखन सिंह को चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में गिरफ्तार किया। गोहद में लगभग 55 फीसदी और तेंदुखेड़ा में लगभग 42 फीसदी मतदान हुआ।
आंध्र प्रदेश की श्रीकाकुलम जिले की टेक्काली विधानसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में लगभग 70 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। राज्य के प्रमुख चुनाव अधिकारी आई. वी. सुब्बाराव ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "मतदान शांतिपूर्ण रहा। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक लगभग 70 फीसदी मतदान हुआ।"
उत्तराखंड के देहरादून जिले की विकासनगर सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्ण रहा। वहां लगभग 55 फीसदी मतदान हुआ।
नई दिल्ली की रोहिणी विधानसभा सीट पर हुए मतदान में काफी कम संख्या में मतदाता अपने-अपने घरों से निकले। बारिश ने मतदान में बाधा डाली। यहां की एकमात्र सीट के लिए 13 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। दिल्ली में 46 प्रतिशत मतदान हुआ।
सिक्किम के दक्षिणी जिले की नामचीसिंगथांग विधानसभा सीट के लिए हुआ मतदान शांतिपूर्ण तरीके से बीता। यहां लगभग 67 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications