वाईएसआर हेलीकॉप्टर हादसे की जांच शुरू करेगी सीबीआई
सीबीआई के प्रवक्ता हर्ष भाल ने आईएएनएस से कहा, "विशाखापट्टनम में सीबीआई के पुलिस अधीक्षक नागेश्वर राव के नेतृत्व में एक दल शुक्रवार से हेलीकॉप्टर दुर्घटना की जांच शुरू करेगा।"
भाल ने कहा कि राव के साथ इस दल में हैदराबाद से दो और अधिकारी शामिल होंगे। फिलहाल दिल्ली से इस दल में कोई नहीं है।
उन्होंने कहा कि इस मामले में अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी) की जांच जारी रहेगी।
अभी तक इस दुर्घटना को लेकर कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। पुलिस और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) अभी तक इस मामले में यह निश्चित करने में विफल रहे हैं कि दुर्घटना मानवीय गलती से हुई अथवा यह तकनीकी विफलता थी।
बेल-430 हेलीकॉप्टर करनूल से 40 नाटिकल माइल दूर नल्लामल्ला के घने जंगल में पहाड़ी पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।
सीआईडी और सीबीआई जांच के अलावा राज्य सरकार ने दो सदस्यीय विशेषज्ञ समिति से समानांतर जांच कराने का भी फैसला किया है।
सीबीआई के सामने कई अनसुझले सवाल है जिसे तलाशने होंगे। जैसे कि मौसम की चेतावनी जारी की गई थी अथवा नहीं, उड़ान भरने से पहले हेलीकॉप्टर की जांच हुई थी या नहीं, इसमें इमरजेंसी लोकेटर ट्रांसमीटर (ईएलटी) लगा था या नहीं और कि पायलटों के स्तर पर या फिर एयर ट्रैफिक कंट्रोल स्टाफ की ओर से तो कोई चूक नहीं हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications