स्वाइन फ्लू से 9 की मौत, मृतकों की संख्या 154 हुई (लीड-1)
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के बयान के अनुसार महाराष्ट्र के अहमदनगर में दो, सतारा में एक, सोलापुर में एक और रायगढ़ में एक मरीज ने इस बीमारी से दम तोड़ दिया। इसी तरह कर्नाटक के बीजापुर में एक, बेंगलुरू में एक, बागलकोट में एक और दावणगेरे में एक मरीज बीमारी का शिकार हुआ।
बयान के अनुसार इस बीमारी से सर्वाधिक प्रभावित महाराष्ट्र में मृतकों की संख्या अब 72 हो गई है जबकि कर्नाटक में 49 लोग अब तक दम तोड़ चुके हैं। गुजरात में 12 लोग बीमारी के शिकार हुए हैं।
अन्य राज्यों में दिल्ली में 4, आंध्र प्रदेश में 5, तमिलनाडु में 3, केरल में 4, गोवा में 3, उत्तराखंड में 1 और छत्तीसगढ़ में 1 व्यक्ति की इस बीमारी से मौत हो चुकी है।
बयान के अनुसार गुरुवार को स्वाइन फ्लू के 176 नए मामले सामने आए हैं। देश में अब तक 27070 नमूनों की जांच की गई है जिसमें से 5611 में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है।
गुरुवार को सबसे अधिक दिल्ली से 68 मामले सामने आए हैं। इसके बाद कर्नाटक से 32, महाराष्ट्र से 26, तमिलनाडु से 19, हरियाणा से 14, आंध्र प्रदेश से 5, केरल से 2, पंजाब से 1, चंडीगढ़ से 1, गोवा से 1, पश्चिम बंगाल से 2, उत्तराखंड से 2, गुजरात से 2, उत्तर प्रदेश से 1 मामले सामने आए।
कर्नाटक में इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 49 तक पहुंच गई। बीजापुर के एक निजी अस्पताल में एक सितंबर को पांच वर्षीय एक बच्चे को भर्ती कराया गया था। बच्चे ने उसी दिन दम तोड़ दिया। बीजापुर के ही अस्पताल में पांच सितंबर को 40 साल के एक व्यक्ति को भर्ती कराया गया था, जहां अगले दिन उसकी मौत हो गई। वहीं बागलकोट के निजी अस्पताल में एक व्यक्ति को छह सितंबर को भर्ती कराया गया था जहां अगले दिन उसकी मौत हो गई।
एक अधिकारी के अनुसार तीनों की जांच रिपोर्ट नौ सितंबर को मिली जिसमें उन सभी की मौत की वजह स्वाइन फ्लू बताई गई। स्वास्थ्य परिवार कल्याण मंत्रालय के मुख्य सचिव आई.आर.पेरूमल ने आईएएनएस को बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने स्वाइन फ्लू के परीक्षण के लिए बेंगलुरू के कमान अस्पताल को भी चुन लिया है। यह परीक्षण शुक्रवार से इस अस्पताल में शुरू हो जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications