स्वाइन फ्लू की वजह से राजस्थान में विदेशी पर्यटकों की आमद पर असर
जयपुर, 10 सितम्बर (आईएएनएस)। स्वाइन फ्लू के डर की वजह से राजस्थान आने वाले विदेशी पर्यटकों में 30 फीसदी की कमी आने की संभावना है।
राजस्थान में पर्यटन का समय मुख्य रूप से अक्टूबर से मार्च तक होता है। पूछताछ करने पर ट्रेवल एजेंट राज्य में पर्यटकों की कमी की तरफ इशारा कर रहे हैं।
पर्यटन उद्योग से जुड़े हुए लोग स्वाइन फ्लू को इसकी वजह बता रहे हैं।
शहर के भीतर मुख्य रूप से पर्यटन का कारोबार देखने वाले नवेंदु़ गोस्वामी ने कहा," स्वाइन फ्लू और पश्चिमी देशों में फैली आर्थिक मंदी के कारण हम पिछले साल के आंकड़ों तक नहीं पहुंचे हैं।"
गोस्वामी ने आईएएनएस को बताया,"वास्तव में पिछले साल की तुलना में इस साल आंकड़ो में 20 से 30 फीसदी की कमी आई है।"
ट्रेवल एजेंट नीतिशा शर्मा ने कहा, "मैं पहले ही 15 से 20 फीसदी टिकट रद्द कर चुकी हूं।"
पिछले साल 14 लाख विदेशी पर्यटक राज्य में आए थे। जिनमें भारत आने वाले विदेशी पर्यटकों में से औसतन चार में से एक पर्यटक राजस्थान आये।
यद्यपि पर्यटन बाजार के बारे में कोई आधिकारिक आंकड़ा नहीं है फिर भी अनुमान के मुताबिक प्रत्येक विदेशी पर्यटक अनुमानत: दिनभर में 10,000 रूपये खर्च करता है।
होटल मालिक सुरेंद्र सिंह ने कहा,"हम आशा कर रहे थे कि इस साल पूरा पर्यटन सीजन हमारे लिए काफी अच्छा होगा। इस समय तो स्वाइन फ्लू की वजह से बुकिंग में तेजी देखने को नहीं मिल रही है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications