स्कूल में भगदड़, 5 छात्राओं की मौत, 30 घायल (लीड-2) (शीर्षक में अतिआवश्यक संशोधन के साथ)
यह हादसा गुरुवार सुबह उत्तर-पूर्व दिल्ली के खजूरी खास इलाके के एक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में हुआ। राजधानी में बुधवार शाम से जारी मूसलाधार बारिश की वजह से विद्यालय परिसर में घुटनों तक पानी भर गया था।
पुलिस के अनुसार गुरुवार सुबह जब बच्चे विद्यालय पहुंचे तो किसी ने विद्यालय परिसर में घुटनों तक भरे पानी में करंट की अफवाह उड़ा दी। इसके बाद भगदड़ मच गई। मृतकों में कक्षा सात, आठ और 10 की छात्राएं हैं।
दूसरी ओर एक अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "कहा जा रहा है कि कुछ लड़के छात्राओं के साथ छेड़छाड़ कर रहे थे, जिस वजह से भगदड़ मची हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। हम मामले की जांच कर रहे हैं ताकि भगदड़ की वजह का पता चल सके। "
घायल बच्चों को गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। अस्पताल के कैजुअल्टी विभाग के प्रमुख जे.पी. कपूर ने आईएएनएस को बताया कि घायलों में कम से कम पांच की हालत गंभीर बनी हुई है।
मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने हादसे पर खेद व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस उपायुक्त के नेतृत्व में एक दल मामले की जांच करेगा और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
दीक्षित ने हादसे में मारी गई छात्राओं के परिजनों को एक-एक लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50,000 रुपये मुआवजा देने की घोषणा की।
दिल्ली पुलिस के संयुक्त आयुक्त धर्मेन्द्र कुमार ने भगदड़ में पांच बच्चियों की मौत की पुष्टि की। इस घटना के बाद छात्राओं के परिजनों ने विरोध स्वरूप विद्यालय के बाहर सड़क पर जाम लगा दिया। विद्यालय परिसर के बाहर और अस्पताल के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications