पटरी पर लौट रही है अमेरिकी अर्थव्यवस्था : ओबामा
वाशिंगटन, 10 सितम्बर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने बुधवार रात कांग्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था पिछले सात दशक के सबसे खराब दौर से निकलते हुए अब पटरी पर लौटने लगी है।
कांग्रेस के दोनों सदनों को संबोधित करते हुए ओबामा ने देश को मंदी के दौर से उबारने का श्रेय तो खुद लिया लेकिन कहा कि आने वाला समय ज्यादा पीड़ादायक है।
ओबामा ने कहा, "जनवरी से हमने जो साहसी और निर्णायक फैसले लिए है उसके बदौलत ही हम यहां विश्वास के साथ खड़े हैं और कह सकते हैं कि हमने इस अर्थव्यवस्था को गर्त से निकाल लाया है।"
यद्यपि, उन्होंने सचेत किया, "इसका मतलब यह नहीं कि हम संकट से उबर गए हैं। हमें पूरी तरह पटरी पर दौड़ने में कई और महीने लगेंगे।"
अमेरिका की अर्थव्यवस्था दिसंबर 2007 से मंदी की चपेट में है और अधिकतर अर्थशास्त्रियों का मानना है कि इस वर्ष की पहली छमाही में मंदी का दौर खत्म हो जाएगा।
फेडरल रिजर्व द्वारा बुधवार को जारी एक सर्वेक्षण रिपोर्ट में कहा गया था कि करीब-करीब सभी क्षेत्रों और देश की अर्थव्यवस्था या तो स्थिर हो गई या फिर उसमें सुधार हो रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications