बारिश ने फिर खोली दिल्ली नगर निगम के दावों की पोल (लीड-1)
हर मानसून से पहले निगम की ओर से जल-भराव से निजात दिलाने के दावे किए जाते हैं लेकिन हर बार उसके ये दावे खोखले साबित होते हैं। गुरुवार को भी दिल्ली में कई जगहों पर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं।
दिल्ली के आजादपुर, माडलटाउन, नारायणा, रोहिणी, मायापुरी, राजघाट, मुनीरका और आश्रम सहित दिल्ली के कई इलाकों में गुरुवार सुबह जलभराव की वजह से लोग घंटों जाम में फंसे रहे। कुछ जगहों पर जलभराव इतना ज्यादा था कि वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "सुबह 10 बजे तक 100 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। दिन में अभी और बारिश होने की संभावना है।"
दिल्ली नगर निगम की निर्माण समिति की अध्यक्ष अंजु जैन ने बताया ," राष्ट्रमंडल खेलों को लेकर निगमकर्मियों पर दबाव बढ़ गया है। फिलहाल ज्यादा यातायात जाम की स्थिति वहीं पैदा हो रही है जहां पर लोक निर्माण विभाग और दिल्ली मेट्रो रेल निगम का काम चल रहा है। इसके बावजूद नगर निगम की तरफ से पूरा प्रयास किया जा रहा है कि दिल्ली में यातायात जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए नालों और सीवरों की सफाई के लिए चलाए जा रहे अभियान में और तेजी लाई जाए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications