स्कूल में भगदड़, 5 छात्राओं की मौत, 30 घायल (लीड-1)
घायल बच्चों को गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। अस्पताल के हताहत विभाग के प्रमुख जे.पी. कपूर ने आईएएनएस से कहा कि घायलों में कम से कम पांच की हालत गंभीर बनी हुई है।
मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने अस्पताल का दौरा किया और हादसे पर खेद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
दीक्षित ने हादसे में मौत का शिकार हुईं छात्राओं के परिजनों को एक-एक लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50,000 रुपये दिए जाने की घोषणा की।
यह हादसा गुरुवार सुबह उत्तर-पूर्व दिल्ली के खजूरी खास इलाके के एक सरकारी विद्यालय में हुआ। राजधानी में बुधवार शाम से जारी मूसलाधार बारिश की वजह से विद्यालय परिसर में घुटनों तक पानी भर गया था।
पुलिस के अनुसार गुरुवार सुबह जब बच्चे विद्यालय पहुंचे तो किसी ने विद्यालय परिसर में घुटनों तक भरे पानी में करंट की अफवाह उड़ा दी, जिसके बाद भगदड़ मच गई।
दिल्ली पुलिस के संयुक्त आयुक्त धर्मेन्द्र कुमार ने भगदड़ में पांच बच्चों की मौत की पुष्टि की। इस घटना के बाद छात्राओं के परिजनों ने विरोध स्वरूप विद्यालय के बाहर मार्ग पर जाम लगा दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications