गाय और भैंसों का भी होगा बीमा
भोपाल, 9 सितम्बर (आईएएनएस। मध्य प्रदेश के किसानों और पशुपालकों के लिए एक अच्छी खबर है कि अब दुधारू गाय और भैंसों का भी बीमा होगा। प्रीमियम की 50 प्रतिशत राशि केंद्र सरकार और 25 प्रतिशत राशि राज्य सरकार की ओर से अनुदान के रुप में बीमा कंपनी को दी जाएगी ।
राज्य सरकार की ओर से आधिकारिक तौर पर दी गई जानकारी के मुताबिक इस बीमा योजना के लिए प्रदेश के छह जिलों का चयन किया गया है। चयनित जिलों बालाघाट, रीवा, सीधी, सीहोर, देवास और इंदौर में इस योजना की शुरुआत की गई है। इस योजना में एक पशुपालक अधिकतम दो पशुओं का बीमा करा सकेगा। यह बीमा एक वर्ष के लिए होगा। अनुमान के मुताबिक पशुपालक को 10, 000 रुपये तक की कीमत के दुधारू पशु के प्रीमियम में सिर्फ 62 रूपए ही देने होंगे।
जानकारी के अनुसार बीमा अवधि में बीमारी अथवा दुर्घटना में पशु की मृत्यु होने पर बीमा कंपनी पूरी बीमा राशि का भुगतान करेगी। इसके लिए जरुरी होगा कि पशुपालक पशु की मृत्यु होने के 24 घंटे के भीतर पोस्टमार्टम रिपोर्ट बीमा कंपनी को प्रस्तुत करें।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications