गुजरात में टेक्सटाइल पार्क का उद्घाटन
वस्त्र मंत्रालय से मिली जानकारी के मुताबिक मारन ने इस अवसर पर कहा कि सरकार समेकित टेक्सटाइल पार्क योजना के अंतर्गत वर्ष 2012 तक 2,000 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत से 15 अतिरिक्त पार्को की स्थापना पर सक्रियता से विचार कर रही है।
मंत्री ने कहा कि यह पार्क औद्योगिक विकास और पर्यावरणीय अनुकूलता का एक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक औद्योगिक गतिविधि वातावरण के लिए हानिकारक तत्वों का उत्सर्जन करती है, जो स्थानीय वातवरण और स्थानीय जनसंख्या को नुकसान पहुंचाती है। यह परियोजना इन समस्याओं को हल करते हुए अन्य परियोजनाओं के लिए पथप्रदर्शक साबित होगी।
वस्त्र मंत्री ने बताया कि सरकार ने अगस्त, 2005 में समेकित टेक्सटाइल पार्क की योजना पर कार्य प्रारंभ किया था। इस योजना को अभूतपूर्व सफलता मिली है। इसके अंतर्गत पहले से ही 40 पार्को की स्थापना की जा रही है और पूरी तरह से कार्यान्वित होने पर यह 19,450 करोड़ रुपए के निवेश को आकर्षित करेंगे, वार्षिक 34,000 करोड़ रुपए का माल उत्पादन और करीब 8 लाख लोगों को रोजगार प्रदान करेंगे।
मारन ने बताया कि इन 40 पार्को में से 7 पार्क गुजरात में हैं, जिनमें से 5 सूरत में हैं। इनसे 1 लाख लोगों को रोजगार प्राप्त होगा।
उन्होंने कहा कि कपड़ा क्षेत्र के लिए उनका नया मंत्र है- भारत में निर्माण, भारत में बिक्री और भारत में धन अर्जन। उन्होंने कहा कि इसे ध्यान में रखते हुए भारतीय वस्त्र क्षेत्र में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश को आकर्षित करने के लिए सात यूरोपीय देशों में रोड शो करने की योजना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications