नई सीबीआई टीम करेगी आरुषि हत्याकांड की जांच
नई दिल्ली, 9 सितम्बर (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की ओर से बुधवार को घोषणा की गई है कि 14 वर्षीय आरुषि तलवार और उसके घरेलू नौकर हेमराज की पिछले वर्ष की गई हत्या की जांच के लिए नई टीम गठित की जा रही है।
कुछ ही दिन पहले खबर आई थी कि डीएनए जांच के लिए आरुषि के शरीर से लिए गए नमूने के साथ छेड़ाछाड़ की गई थी।
सीबीआई के प्रवक्ता हर्ष भाल ने आईएएनएस को बताया, "आरुषि हत्याकांड की जांच के लिए एक नई टीम गठित की जा रही है।"
भाल ने कहा, "आरुषि हत्याकांड की जांच का नेतृत्व कर रहे सीबीआई के उप महानिरीक्षक अरुण कुमार का कार्यकाल अक्टूबर में समाप्त हो रहा है। अरुण कुमार को उसके पहले ही उत्तर प्रदेश कैडर में वापस भेज दिया गया है और इसलिए उनका कार्यकाल समाप्त होने के पहले ही नई टीम गठित की जाएगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications