स्वाइन फ्लू से 5 की मौत, मृतकों की संख्या 145 हुई (लीड-1)
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के बयान के अनुसार बुधवार को महाराष्ट्र में दो लोगों की मौत हो गई जिसमें से मुंबई में एक और पुणे में एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। कर्नाटक में भी दो लोगों की मौत हुई है जिसमें एक की मौत बीजापुर में तो दूसरे की बेंगलुरू में हुई। गुजरात के सूरत में भी एक व्यक्ति इस बीमारी का शिकार हुआ।
इस बीमारी से सर्वाधिक प्रभावित महाराष्ट्र में मृतकों की संख्या अब 67 हो गई है। दूसरे नंबर पर कर्नाटक है जहां 45 लोग अब तक इस बीमारी से दम तोड़ चुके हैं। गुजरात में 12 लोग बीमारी के शिकार हुए हैं।
अन्य राज्यों में दिल्ली में 4, आंध्र प्रदेश में 5, तमिलनाडु में 3, केरल में 4, गोवा में 3, उत्तराखंड में 1 और छत्तीसगढ़ में 1 व्यक्ति की इस बीमारी से मौत हो चुकी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के बयान अनुसार बुधवार को 214 नए मामले सामने आए हैं। तमिलनाडु में सबसे ज्यादा 69 मरीजों की पुष्टि हुई है। इसके बाद दिल्ली में 36, कर्नाटक में 35, महाराष्ट्र में 28, हरियाणा में 19, केरल में 2, चंडीगढ़ में 1, उत्तराखंड में 5, असम में 1, राजस्थान में 1 और उत्तर प्रदेश में 6 मामले सामने आए हैं।
कर्नाटक में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामले को देखते हुए स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय से एक केंद्रीय दल ने बेंगलुरू का दौरा किया। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग के प्रधान सचिव आई.आर.पेरूमल ने आईएएनएस को बताया कि दल ने पुणे और बेंगलुरू के निरीक्षण के दौरान पाया कि दोनों शहरों की जलवायु लगभग समान है और बहुत बड़ी संख्या में बाहरी लोग रह रहे हैं। देश में स्वाइन फ्लू से सर्वाधिक मौते यहीं हुई हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications