दूसरे दिन भी जमीन पर रहे जेट एयरवेज के विमान (लीड-2)
जेट एयरवेज ने कहा कि बुधवार को 432 पायलटों ने चिकित्सा अवकाश की सूचना दी जो एक दिन पहले आए बंबई उच्च न्यायालय के आदेश का उल्लंघन है। उच्च न्यायालय ने देश की सबसे बड़ी निजी एयरलाइन में किसी भी तरह की हड़ताल पर रोक लगा दी थी।
देशभर के हवाई अड्डों पर जारी ड्रामे के बीच जेट एयरवेज के चेयरमैन नरेश गोयल ने यहां नागरिक उड्डयन मंत्री प्रफुल्ल पटेल और साथ ही पायलटों के एक गुट के साथ बातचीत की, लेकिन शाम तक कोई खास सफलता नहीं मिल पाई थी।
पटेल और गोयल दोनों ने इस बारे में मीडिया के किसी भी सवाल का जवाब देने से इनकार कर दिया। दोनों पक्षों को बातचीत के मेज पर लाने की नागरिक उड्डयन महानिदेशालय की कोशिश भी बेनतीजा रही।
पायलट अपने दो वरिष्ठ साथियों की बर्खास्तगी वापस लेने और हाल में गठित संगठन नेशनल एविएटर्स गिल्ड को मान्यता प्रदान करने की मांग कर रहे हैं।
उनका कहना है कि पायलटों का संघ बनाने में दोनों पायलटों ने सक्रिय भूमिका निभाई थी, इस कारण उन्हें बर्खास्त किया गया।
गिल्ड के अध्यक्ष गिरीश कौशिक ने कहा, "हम कंपनी में अपनी आवाज वापस चाहते हैं। हम चाहते हैं कि हमारे साथियों को वापस बुलाया जाए।"
उन्होंने कहा, "यात्री जिन समस्याओं का सामना कर रहे हैं उसके लिए निश्चित रूप से हम जिम्मेदार नहीं है।"
कौशिक ने यह भी दावा किया कि एयरलाइन के केबिन क्रू के सदस्य भी हमारे साथ आने के लिए सहमत हैं। यहां तक कि देश में वाम दलों से संबंध रखने वाले कुछ मजदूर संगठनों ने हमें अपना समर्थन दिया है।
इन सब के बीच जेट एयरवेज का प्रबंधन पालयटों के दबाव में आता नहीं दिख रहा है। विशेषकर मंगलवार को बंबई उच्च न्यायालय के आए आदेश को देखते हुए वह दबाव में नहीं है।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अधिकारियों से बातचीत से पहले चेयरमैन नरेश गोयल ने कहा, "वे आतंकवादियों की तरह व्यवहार कर रहे हैं। वे देश व यात्रियों को रोककर एयरलाइन को बंधक नहीं बना सकते।"
उन्होंने कहा, "हम इस तरह के भयादोहन को नहीं सहन करेंगे। जेट के 30 हजार के अधिक कर्मचारियों की जीविका दांव पर है। मैं पायलटों से बातचीत करने और उनसे मिलने को तैयार हूं। लेकिन वे यात्रियों को प्रताड़ित नहीं कर सकते।"
मंगलवार शाम को आए बंबई उच्च न्यायालय के आदेश के संदर्भ में उन्होंने कहा, "यह पूरी तरह अदालत की अवमानना है।"
हाल ही में गठित पायलटों के संघ नेशनल एविएटर्स गिल्ड के अध्यक्ष गिरीश कौशिक ने कहा कि इस मामले को सौहार्दपूर्ण तरीके से निपटाने के लिए बुधवार को जेट एयरवेज प्रबंधन के साथ बैठक की संभावना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications