आंध्र के नए मुख्यमंत्री को लेकर दिल्ली में तेज हुई लामबंदी
दिवंगत मुख्यमंत्री के करीबी मित्र रहे के. वी. पी. रामचंद्र राव ने बुधवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से नई दिल्ली में मुलाकात की और नए मुख्यमंत्री के सवाल पर विस्तृत चर्चा की।
राव ने इससे पहले कांग्रेस के आंध्र प्रदेश के प्रभारी एम. वीरप्पा मोइली से भी मुलाकात की। राव मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से भी मिले थे। वह ये मुलाकातें जगनमोहन रेड्डी को राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनाए जाने के लिए कर रहे हैं।
यह पूछे जाने पर कि क्या उन्होंने जगनमोहन को मुख्यमंत्री बनाए जाने की अधिकांश सांसदों व नेताओं की भावना से प्रधानमंत्री को अवगत करा दिया, राव ने पत्रकारों से चर्चा में कहा, "प्रधानमंत्री और पार्टी आलाकमान इससे अवगत हैं। मुझे उन्हें यह बताने की कोई जरूरत नहीं है।"
उन्होंने कहा, "मुझे पूरा विश्वास है कि पार्टी आलाकमान उचित समय पर उचित निर्णय लेगा।"
सोनिया गांधी ने भी आंध्र प्रदेश के नेताओं से इस संबंध में आज चर्चा की। पूर्व केंद्रीय मंत्री रेणुका चौधरी समेत एक दर्जन सांसदों ने बुधवार को उनसे मुलाकात की।
सोनिया से मिलने के बाद दो सांसदों के. संबाशिव राव और आर. संबाशिव राव ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि उन्होंने अपना संदेश सोनिया गांधी तक पहुंचा दिया है।
उधर, राज्य में कई स्थानों पर जगनमोहन को मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग को लेकर धरना, प्रदर्शन व भूख हड़ताल का सिलसिला शुरू हो गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications