हजकां-भाजपा के गठबंधन का मामला नेतृत्व के सवाल उलझा
भाजपा का इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) से और हजकां का बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से गठबंधन टूट जाने के बाद भाजपा और हजकां में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर गठबंधन की कोशिशें आरंभ हुईं। इसी सिलसिले में हजकां अध्यक्ष विश्नोई ने मंगलवार को भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह से और बुधवार को पार्टी की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज से मुलाकात कर संभावित गठबंधन के बारे में चर्चा की।
इस बारे में पूछे जाने पर भाजपा महासचिव व हरियाणा के प्रभारी विजय गोयल ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "गठबंधन की कोशिशें चल रही हैं, लेकिन इसमें नया कुछ नहीं है। अभी तक कोई समझौता नहीं हुआ है। वैसे भाजपा ने सभी 90 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी की है।"
उन्होंने कहा, "गठबंधन के सिलसिले में उनका प्रस्ताव आया था जो अभी विचाराधीन है। हो सकता हैं एक दो दिनों में इसकी घोषणा कर दी जाए।"
भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने इस बारे में आईएएनएस से बातचीत में कहा, "पार्टी नहीं चाहती है कि विश्नोई को मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में पेश किया जाए। पार्टी चाहती है कि भजनलाल को गठबंधन के अगुवा के तौर पर आगे किया जाए। पार्टी का मानना है कि भजनलाल का कद इनेलो के अध्यक्ष ओमप्रकाश चौटाला और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व मुख्यमंत्री भूपिन्दर सिंह हुड्डा के राजनीतिक कद के बराबर है। इस मामले में विश्नोई बहुत छोटे पड़ जाते हैं। मुख्यमंत्री का मुद्दा तो चुनावी नतीजों के आने के बाद भी तय किया जा सकता है।"
पार्टी के इस नेता ने स्पष्ट किया कि सीटों के तालमेल को लेकर कोई गठबंधन में कोई पेंच नहीं है। कौन कितनी सीटों पर लड़ेगा यह लगभग तय हो चुका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications