पाकिस्तान में झड़प में 7 आतंकवादी ढेर (लीड-1)
पाकिस्तानी सुरक्षा बल स्वात और मलकंद जिलों के विभिन्न हिस्सों में अभियान जारी रखे हुए हैं। स्वात घाटी से तालिबान आतंकवादियों को खदेड़ने के लिए सुरक्षा बलों ने एक व्यापक अभियान शुरू किया था।
सेना के प्रवक्ता ने गुरुवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी। सरकार का कहना है कि पांच महीने की लड़ाई के बाद अधिकांश इलाके पर फिर से कब्जा कर लिया गया है और इस दौरान 2,000 से अधिक विद्रोही मारे गए।
लड़ाई के मैदान से पीछे हटते हुए आतंकवादी अपनी उपस्थिति दिखाने के लिए आकस्मिक हमले करते रहते हैं।
सेना के प्रवक्ता के अनुसार मलाम जब्बा के समीप स्थित चराई में एक तलाशी अभियान के दौरान आतंकवादियों की गोलीबारी से एक सैनिक की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में सात आतंकवादी ढेर हो गए।
स्वात और नजदीकी बाजौर में एक स्थानीय कमांडर समेत 17 आतंकवादी गिरफ्तार कर लिए गए जबकि स्वात में 12 आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।
इस बीच बाजौर में विस्थापितों के लिए राहत सामग्री भेजे जाने का काम जारी है। वहां राहत सामग्री से भरे 10 ट्रक भेजे गए हैं। इसके अलावा मलकंद में 294,814 कैश कार्ड्स बांटे गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications