करजई ने चुनाव नतीजों का स्वागत किया (लीड-1)
निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को कहा था कि करजई को 54.1 प्रतिशत मत मिले हैं जबकि उनके मुख्य प्रतिद्वंद्वी एवं पूर्व विदेश मंत्री अब्दुल्ला अब्दुल्ला को 28.3 प्रतिशत मत मिले हैं।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार करजई ने तालिबानी धमकियों की परवाह न करते हुए मतदान के लिए आगे आने के लिए अफगान मतदाताओं को बधाई दी।
राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, "राष्ट्रपति करजई ने चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष, विश्वसनीय और राष्ट्रीय भावना से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन आयोग के प्रयासों की सराहना की।"
करजई ने अफगान नागरिकों द्वारा निर्भय होकर राष्ट्रपति और प्रांतीय चुनावों में हिस्सा लेने के लिए उनकी सराहना की और इस महान उपलब्धि के लिए उन्हें बधाई दी।
मंगलवार को निर्वाचन आयोग ने कहा था कि अब तक 92 प्रतिशत मतदान केंद्रों के मत गिने जा चुके हैं। इनमें करजई को 54.1 प्रतिशत मत मिले हैं जबकि उनके मुख्य प्रतिद्वंद्वी एवं पूर्व विदेश मंत्री अब्दुल्ला अब्दुल्ला को 28.3 प्रतिशत मत मिले हैं।
संयुक्त राष्ट्र के समर्थन वाले स्वतंत्र निर्वाचन शिकायत आयोग ने मंगलवार को ही अपनी रिपोर्ट में कहा कि इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि इन चुनावों में धोखाधड़ी हुई। आयोग ने आईईसी से संबद्ध मतदान केंद्रों में डाले गए मतों की समीक्षा करने को कहा है।
समीक्षा पूरी होने तक अंतिम आधिकारिक नतीजे प्रकाशित नहीं हो सकते। हालांकि आईईसी ने कहा है कि वह मतों की गिनती का काम जारी रखेगा और उसके पूरा होने पर शिकायत आयोग द्वारा छांटे गए मतदान केंद्रों पर पड़े मतों की समीक्षा करेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications