असम में रैगिंग के आरोप में 7 छात्र निलंबित
डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर के चार छात्रों को और असम मेडिकल कालेज में स्नातक के तीन छात्रों के विरूद्ध यह कार्रवाई की गई है।
डिब्रूगढ विश्वविद्यालय के चार छात्रों को दो सत्रों के लिए निलंबित किया गया है। निलंबित किए गए छात्रों के ऊपर छात्रावास में कनिष्ठ छात्रों को मानसिक और शारीरिक कष्ट पहुंचाने का आरोप लगाया गया है।
डिब्रूगढ विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रदीप कुमार भूयान ने कहा, " कुछ छात्रों ने वरिष्ठ छात्रों पर छात्रावास में मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ना देने का आरोप लगाया था। इस घटना की जांच के लिए पांच सदस्यीय समिति का गठन किया गया। समिति द्वारा की गई जांच में उनको दोषी पाया गया।"
वहीं एक अन्य मामले में असम मेडिकल कालेज के तीन छात्रों को पिछले सप्ताह एक शिक्षक के ऊपर हमला करने के आरोप में छात्रावास से निलंबित कर दिया गया है।
यह घटना कालेज परिसर के बाहर 2 सितंबर को लगभग आधी रात को हुई।
असम मेडिकल कालेज के प्रमुख टी.आर. बोरबोरा ने कहा, "तीनों छात्रों का छात्रावास से निष्कासन कर दिया गया है, वहीं छह महीने तक कक्षा में शामिल होने पर रोक लगा दी गई है। छात्रों पर 20,000 रुपये जुर्माना भी लगाया गया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications