पश्चिम बंगाल में दुर्गापूजा की तैयारियों पर मंदी की मार
कोलकाता, 9 सितम्बर (आईएएनएस)। पांच दिनों तक धूमधाम से मनाए जाने वाले पश्चिम बंगाल के विश्व प्रसिद्ध दुर्गापूजा उत्सव की तैयारियों पर मंदी की मार पड़ती दिखाई दे रही है।
इस महीने की 24 तारीख से शुरू रहे दुर्गापूजा उत्सव को लेकर स्थानीय कुमारटुली के मूर्ति बनाने वाले कलाकार अब तक हजारों मूर्तियां तैयार कर लेते थे लेकिन मंदी के साथ-साथ मानसून की नाराजगी और महंगाई की मार ने उन्हें इस बार निराश कर दिया है।
उत्तरी कोलकाता में स्थित कुमारटुली के मूर्ति बनाने वाले कलाकार बासुदेब रुद्र ने आईएएनएस को बताया, "कच्चे माल की कीमत पिछले साल की तुलना में दोगुनी हो चुकी है। मूर्ति बनाने में काम आने वाली हर एक वस्तु की कीमत आसमान छू रही है।"
कुमारटुली के कलाकारों द्वारा बनाई गई मूर्तियों की पूजा पश्चिम बंगाल और राजधानी कोलकाता के साथ-साथ देश के दूसरे हिस्सों में भी होती है।
मूर्ति बनाने के लिए प्रमुख रूप से बांस, कीचड़, पेंट और कपड़ों की जरूरत होती है। रुद्र कहते हैं कि चक्रवाती तूफान 'आइला' के कारण बांस की कीमत में बहुत तेजी से इजाफा हुआ है।
इस वर्ष मई में आए आइला तूफान ने राज्य में बांस और अन्य फसलों को पूरी तरह नष्ट कर दिया था। एक साल पहले एक बांस की कीमत 25-30 रुपये हुआ करती थी लेकिन आज इसकी कीमत 45-60 रुपये तक पहुंच चुकी है।
रुद्र बताते हैं कि मंदी के कारण दुर्गापूजा आयोजन समितियों का बजट भी काफी कम हो गया है। बकौल रुद्र, "मंदी के कारण लोग अपने बजट में कटौती कर रहे हैं। जो लोग कभी 20 फुट ऊंची मूर्ति बनाने के लिए आर्डर देते थे, इस साल उन्होंने 15 फुट की मूर्ति का ही आर्डर दिया है।"
सिंघी पार्क सामूदायिक दुर्गापूजा आयोजन समिति के अध्यक्ष शंकर बोस बताते हैं कि मंदी के कारण मूर्तियों की कीमतों में भारी इजाफा हुआ है। साथ ही पंडालों को तैयार करने में भी ज्यादा खर्च आ रहा है।
उन्होंने कहा, "पिछले साल जिन पंडाल को बनाने में पांच लाख रुपये खर्च हुए थे, इस साल उस जैसा पंडाल बनाने में आठ लाख रुपये खर्च हो रहे हैं। साथ ही पिछले साल हमने जिस आकार की मूर्ति 90,000 रूपये में ली थी, आज उसकी कीमत 150,000 रुपये पहुंच चुकी है। इसका कारण यह है कि मजदूरी दर में भारी इजाफा हुआ है। पिछले साल एक मजदूर एक दिन के लिए 120 रुपये लेता था लेकिन इस साल वह 150 से 160 रुपये मांग रहा है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications