नौसेना में अक्टूबर में शामिल होंगे मिग-29के/केयूबी लड़ाकू विमान
नई दिल्ली, 9 सितम्बर (आईएएनएस)। विमानवाहक पोत एडमिरल गोर्शकोव पर तैनात करने के लिए खरीदे गए मिग-29के/केयूबी लड़ाकू विमानों में से पहले चार अक्टूबर में नौसेना में शामिल होंगे।
नौसेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यहां बताया कि स्क्वाड्रन का नाम ब्लैक पैंथर रखा जएगा और इसके पायलटों का प्रशिक्षण अमेरिका और रूस में पूरा हो चुका है।
एडमिरल गोर्शकोव के लिए वर्ष 2004 में 74 करोड़ डॉलर के सौदे के हिस्से के रूप में इन विमानों की खरीद की गई है।
अधिकारी ने अपना नाम गुप्त रखने की शर्त पर बताया कि चार-चार पायलटों के चार से पांच समूह प्रशिक्षण के लिए अमेरिका भेजे गए।
कीव श्रेणी का 45,000 टन का विमानवाहक पोत वर्ष 2011 तक नौसेना में शामिल हो पाएगा और मिग-29 विमानों को इस पर तैनात किया जाएगा।
नौसेना को मिग 29के एकल सीट वाले 12लड़ाकू विमान और मिग 29केयूबी दो सीटों वाले चार प्रशिक्षण विमान हासिल होंगे। प्रशिक्षण विमान भी एकल सीट वाले विमान के समान होगा लेकिन उसका संचालन क्षेत्र थोड़ा कम होता है।
मिग 29के बहुउद्देश्यीय लड़ाकू विमान है जो समुद्री और जमीनी ठिकानों को निशाना बनाने की क्षमता से लैस है। यह दिन और रात तथा किसी भी मौसम में उड़ान भरने में सक्षम है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications