रामालिंगा राजू अस्पताल में भर्ती

सत्यम के संस्थापक और पूर्व चेयरमैन रामालिंगा राजू को सोमवार की रात सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत स्थिर हैं. उन्हें हैदराबाद के निज़ाम इंस्टीट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंस (एनआईएमएस) के सघन चिकित्सा कक्ष में रखा गया है.
रामालिंगा राजू पर 78 हज़ार करोड़ रुपए से अधिक की धोखाधड़ी का आरोप है. इसी साल जनवरी में राजू ने कंपनी में धोखाधड़ी की बात स्वीकार करते हुए अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया था. इस मामले की तफ़तीश केंद्रीय जाँच ब्यूरो कर रही है.
हैदराबाद स्थिति बीबीसी संवाददाता उमर फ़ारूक़ के अनुसार एनआईएमएस के ह्दय रोग विभाग के अध्यक्ष डॉक्टर शेषगिरि राव ने बीबीसी को बताया कि राजू को 'मयोपिया कार्डिएक इंफेक्शन' है जबकि राजू के वकील भरत कुमार ने दावा किया है कि उन्हें दिल का दौ़ड़ा पड़ा है.
डॉकटरों के अनुसार राजू की तबीयत पिछले 10 दिनों से ठीक नहीं थी और उनके दिल की बीमारी से जुड़े अनेक मेडिकल जाँच कराए जा रहे हैं.
डॉक्टर शेषगिरि राव का कहना है कि राजू का ईसीजी, इकोकॉर्डियोग्राम जाँच कराई गई है. इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर है.
एनआईएमएस में राजू के भर्ती होने के बाद वहाँ सुरक्षा कड़ी कर दी गई है.
राजू 10 जनवरी, 2009 से हैदराबाद के चंचलगौड़ा सेंट्रल जेल में हैं और उन्हें विशेष क़ैदी का दर्जा दिया गया है. राजू के छोटे भाई रामा राजू भी सत्यम से जुड़े धोखाधड़ी के मामले में उनके साथ जेल में हैं.


Click it and Unblock the Notifications