भारत-बांग्लादेश आतंकवाद का मिलकर मुकाबला करेंगे
इस दौरान भारत ने तिपाईमुख बांध और जलविद्युत परियोजना को लेकर उत्पन्न बांग्लादेश की चिंताओं को दूर करने की कोशिश की है।
लंबे समय से ठंडे पड़े रिश्तों में गरमाहट लाने के साथ ही दोनों देशों ने अवैध प्रवास, सीमापार घुसपैठ और नदी जल के बंटवारे पर बरकरार मतभेदों को भी सुलझाने की कोशिश की है।
विदेश मंत्री एस.एम.कृष्णा ने बांग्लादेश की विदेश मंत्री दीपू मोनी के साथ कई सारे मुद्दों पर विस्तृत बातचीत की और आतंकवाद के मुकाबले के लिए आपसी सहयोग पर जोर दिया तथा खुफिया आदान-प्रदान व आपसी समन्वय की जरूरत को रेखांकित किया।
बातचीत दो घंटे से भी अधिक समय तक चली। इस दौरान दोनों नेताओं ने 10 मिनट तक अकेले में भी बातचीत की।
प्रतिनिधिमंडल स्तर पर हुई बातचीत के दौरान विदेश सचिव निरूपमा राव भी उपस्थित थीं। बांग्लादेशी प्रतिनिधिमंडल में विदेश सचिव मिजारुल कायेज, बांग्लादेश के उच्चायुक्त तारिक अहमद करीम और दक्षिण एशिया के महानिदेशक मोहम्मद इमरान शामिल थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications