यूएन, अमेरिका से अफगान सरकार से चुनावी धांधली की जांच कराने को कहा
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार मंगलवार को एक पश्चिमी राजनयिक ने एजेंसी को बताया कि अफगानिस्तान में स्थित पश्चिमी दूतावासों में चुनाव में कथित धांधली के बढ़ते आरोपों के बारे में चिंता बढ़ रही है और वे राष्ट्रपति हामिद करजई को इन शिकायतों की निर्वाचन आयोग से स्वतंत्र जांच में हस्तक्षेप नहीं करने के लिए मनाने का प्रयास कर रहे हैं।
समाचार चैनल 'सीएनएन' ने अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता के हवाले से कहा कि अफगानिस्तान में अमेरिकी राजदूत कार्ल एकेनबरी और संयुक्त राष्ट्र अधिकारियों ने देर सोमवार करजई से भेंट कर उनके प्रमुख प्रतिद्वंद्वी अब्दुल्ला अब्दुल्ला के लगाए आरोपों की निर्वाचन आयोग से जांच की अनुमति देने का आग्रह किया।
उल्लेखनीय है कि किसी भी उम्मीदवार के 50 प्रतिशत मत नहीं पाने की स्थिति में निर्वाचन आयोग दोबारा चुनाव कराएगा।
करीब 75 प्रतिशत मतदान केंद्रों पर मतगणना पूरी होने के बाद करजई को 48.6 प्रतिशत और उनके प्रतिद्वंद्वी अब्दुल्ला को 31.7 प्रतिशत वोट मिले हैं। अंतिम अधिकृत परिणाम 17 सितम्बर से पहले उपलब्ध नहीं होगा।
पश्चिमी और स्थानीय सरकारी अधिकारियों का मानना है कि चुनाव के नतीजे की घोषणा में विलंब करने का कोई तकनीकी आधार नहीं है लेकिन माना जा रहा है निर्वाचन आयोग मतदान में धांधली के विवाद के सुलझने की उम्मीद के कारण परिणाम की घोषणा में विलंब कर रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications