दिल्ली की 4 इमारतों में बम की अफवाह (लीड-2)
फोनकर्ता ने भीड़भाड़ वाले चार स्थलों-सफदरजंग अस्पताल, राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल, पालिका केंद्र और विकास मीनार में बम विस्फोट की धमकी के बाद राष्ट्रीय राजधानी में घबराहट फैल गई।
पुलिस ने कहा कि फोन काल बाद में झूठी साबित हुई लेकिन इससे अव्यवस्था और यातायात जाम की समस्या पैदा हुई।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस नियंत्रण कक्ष में करीब 10 बजे सुबह इस संबंध में पहला फोन आया। फोन पर एक अज्ञात व्यक्ति ने कहा कि आरएमएल अस्पताल, पालिका केंद्र और विकास मीनार में बम रखा है। कुछ मिनटों के भीतर ही एक दूसरा फोन आया कि बम आरएमएल में नहीं सफदरजंग अस्पताल में रखा है।
इसके बाद कनॉट प्लेस के समीप संसद मार्ग पर स्थित नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के मुख्यालय पालिका केंद्र और आईटीओ पर स्थित दिल्ली विकास प्राधिकार (डीडीए) के कार्यालय विकास मीनार में सघन तलाशी आरंभ हुई।
अधिकारी ने बताया कि इसके फौरन बाद पुलिसकर्मी तलाशी अभियान में जुट गए। बम निरोधक दस्तों और खोजी कुत्तों को भी जांच के काम पर लगाया गया। तलाशी के लिए सफदरजंग अस्पताल को खाली करा लिया गया।
आरएमएल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक एन.के. चतुर्वेदी ने आईएएनएस को बताया कि तलाशी अभियान के दौरान अस्पताल को नहीं खाली कराया गया।
पुलिस ने कहा कि संभवत: आतंक फैलाने के लिए यह शरारतपूर्ण सूचना दी गई। फोन करने वाले की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। मामले की जांच जारी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications