प्रणब ने कृष्णा और थरूर से होटल छोड़ भवनों में रहने को कहा
नई दिल्ली, 8 सितम्बर (आईएएनएस)। सरकार ने विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा और विदेश राज्यमंत्री शशि थरूर से पांच सितारा होटलों को छोड़ दिल्ली स्थित अपने-अपने प्रदेश के भवनों में रहने को कहा है। दोनों नेता पिछले तीन महीने से राजधानी के एक पंचसितारा होटल में डेरा डाले थे।
वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने संवाददाताओं से बातचीत में मंगलवार को कहा, "मैंने दोनों मंत्रियों से होटलों के कमरे छोड़ने का आग्रह किया है।"
ज्ञात हो कि एक समाचार पत्र ने यह खुालासा किया था कि दोनों मंत्री राजधानी स्थित पंच सितारा होटलों में ठहर रहे हैं। हालांकि खर्च का भुगतान वे अपनी जेबों से कर रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक कृष्णा होटल मौर्या शेरेटन में अब तक ठहर रहे थे लेकिन मुखर्जी के आग्रह के बाद उन्होंने होटल में अपना कमरा खाली कर दिया है। सूत्रों का कहना है कि विदेश सेवा संस्थान के अतिथि गृह चले गए हैं और वहीं रहेंगे।
थरूर होटल ताजमहल में डेरा डाले थे लेकिन अब वह भारतीय नौसेना के अतिथि गृह में रहेंगे।
कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने मुखर्जी की बात का समर्थन करते हुए कहा कि एक तरफ सरकार ने खर्च कम करने के आदेश दिए हैं वहीं दूसरी तरफ सरकार के मंत्री ही पांच सितारा होटलों में रहेंगे तो इससे गलत संदेश जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications