युवती के भेस में आए युवक को पीट-पीटकर मार डाला
जिले के पुलिस अधीक्षक (गंगापार) विनोद मिश्र ने मंगलवार को बताया कि यह घटना फूलपुर इलाके में हुई। सोमवार को राम खेलावन पटेल के घर में पुत्री जन्म के उपलक्ष्य में छठी का कार्यक्रम था। महिलाएं पारंपरिक गीत गाकर नाच रहीं थीं। इस बीच एक 20 साल का अज्ञात युवक लड़की के भेस में घर में घुस गया और महिलाओं में शामिल होकर नाच-गाना करने लगा।
करीब एक घंटे के बाद महिलाओं को सलवार सूट पहने युवक की आवाज पर शक हुआ। जब उन्होंने पड़ताल की तो युवक की पोल खुल गई। औरतों ने कथित तौर पर उसे पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस उसे अस्पताल ले जा रही थी, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई।
फूलपुर के थाना-प्रभारी रामधारी राम ने बताया कि युवक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। प्रथम दृष्टया यही प्रतीत हो रहा है कि युवक चोरी की नीयत से युवती के भेस में घर में घुसा था। घटना की जांच की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications