हर मंगलवार पर्यटकों के लिए बंद रहेगा रोहतांग दर्रा
मनाली, 8 सितम्बर (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले का बर्फ से ढका खूबसूरत रोहतांग दर्रा हर मंगलवार पर्यटकों के लिए बंद रहेगा।
कुल्लू के उपायुक्त बी. एम. नन्टा ने आईएएनएस से कहा, "प्रत्येक मंगलवार को सुबह नौ बजे से नौ घंटों तक रोहतांग दर्रा पर्यटकों के लिए बंद रहेगा। राष्ट्रीय राजमार्ग-21 को चौड़ा बनाने के कार्य के चलते यह निर्णय लिया गया है।"
मंगलवार के दिन केवल आपात और शासकीय गाड़ियों को ही दर्रे से गुजरने की इजाजत होगी। इनमें हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट (एचआरटीसी) की बसें भी शामिल हैं।
अधिकारी ने कहा कि "मनाली से आने वाले पर्यटक वाहनों को कोथी (मनाली से लगभग 30 किमी दूर) पर रोक दिया जाएगा। शाम छह बजे के बाद ही उन्हें रोहतांग दर्रे के लिए जाने दिया जाएगा। " उन्होंने बताया कि जब तक राजमार्ग को चौड़ी करने का काम चलेगा तब तक के लिए पर्यटक वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है।
पर्यटन विभाग के मुताबिक गत अप्रैल में रोहतांग दर्रे के दोबारा खुलने के समय से अब तक वहां पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, महाराष्ट्र, कर्नाटक और गुजरात से 150,000 से ज्यादा पर्यटक पहुंचे हैं।
भारी बर्फबारी की वजह से रोहतांग दर्रा छह महीने से भी अधिक समय तक पूरे देश से कटा रहा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications