रेलगाड़ी में लूटपाट मामले में 7 पुलिसकर्मी निलंबित
पटना राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र कुमार सिन्हा ने सोमवार को बताया कि रेलगाड़ी की सुरक्षा के लिए तैनात सात पुलिसकर्मियों को कर्तव्यहीनता के आरोप में निलंबित किया गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार संदिग्धों से पूछताछ के बाद डकैतों के कुछ सुराग मिले हैं तथा अभी भी डकैतों के संबंधित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।
उल्लेखनीय है कि शनिवार की रात करीब 10 अपराधियों ने दानापुर-हाबड़ा एक्सप्रेस के विकलांग डिब्बे में लूटपाट की थी। इसी डिब्बे में सवार होकर बिहार के विकलांग खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेने के लिए कोलकता जा रहे थे। लूटपाट के दौरान डकैतों ने गोली भी चलायी, जिससे कोच विश्वकर्मा शर्मा घायल भी हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications