मलेशियाई भारतीय कांग्रेस में अन्य समुदायों को भी प्रतिनिधित्व देने की तैयारी
कुआलालंपुर, 7 सितम्बर (आईएएनएस)। मलेशियाई भारतीय कांग्रेस (एमआईसी) के अगले शनिवार को होने वाले चुनाव में पार्टी प्रमुख एस.सामी वेलु ने उम्मीदवारों की सूची में पहली बार पंजाबी समुदाय के दो लोगों को शामिल किया है।
तमिल समुदाय के वर्चस्व वाली पार्टी में अपना आधार बढ़ाना चाह रहे वेलु ने जोहार प्रांत से जे.रंधीर सिंह और सेलांगोर से जी.जयपाल सिंह को अपने उम्मीदवारों की सूची में शामिल किया है।
समाचार पत्र 'न्यू स्ट्रेट टाइम्स' के अनुसार यदि वे दोनों निर्वाचित हुए तो पार्टी की निर्णय लेने वाली संस्था में के.एस.निझार के बाद वे पंजाबी समुदाय के पहले सदस्य होंगे। निझार पिछले वर्ष तक पार्टी के उपाध्यक्ष थे और उन्होंने अचानक इस्तीफा दे दिया था।
पार्टी के अंदरूनी सूत्र ने कहा कि दोनों में से एक को वेलु निझार का खाली स्थान भरने के लिए तैयार कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि मलेशिया में भारतीय मूल के 20 लाख लोंगों में पंजाबी समुदाय के लोगों की संख्या 100,000 है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications